मथुरा: पूर्व सभासद मीरा ठाकुर का फाइल फोटो, सीसीटीवी फुटेज देखती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा के पॉश इलाके डैंपियर नगर में बुधवार को अहिल्याबाई होल्कर चौराहे के पास कार में सवार पूर्व सभासद की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार दो हमलावरों ने पहले पीठ से सटाकर गोली मारी, उसके बाद चौराहे पर पहुंचकर भी दो गोलियां दागीं।
पूर्व सभासद के चालक की बायीं टांग में गोली लगी है। गनीमत रही कि पूर्व सभासद की बेटी गोलीकांड में बाल-बाल बच गई। पूर्व सभासद खरीदारी के लिए आई थीं। पूर्व सभासद के समधी और उसके तीन बेटों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
वृंदावन के एनआरआई ग्रीन निवासी मीरा ठाकुर (48) पत्नी स्वर्गीय नाहर सिंह कार से बेटी डॉली के साथ बुधवार की शाम डैंपियर नगर के सलेक्शन गारमेंटस पर खरीदारी के लिए आई थीं। कार को चालक कुंजबिहारी पुत्र कार्तिक चंद निवासी एनआरआई ग्रीन चला रहा था।
घात लगाकर बैठे थे हमलावर
कार को अहिल्याबाई होल्कर चौराहे के पास इलेक्ट्रो हब के सामने खड़ी करने के बाद खरीदारी के लिए चली गईं। लौटकर आईं पूर्व सभासद कार में बैठने को हुईं तो घात लगाए बाइक सवार दो हमलावरों ने पीछे से आकर पीठ में गोली मार दी।
बेटी डॉली और चालक ने शोर मचाया तो भागे दोनों हमलावरों ने चौराहे के पास पहुंच दो गोलियां और दागीं और भाग गए। पॉश इलाके में हत्याकांड से व्यापारी दहशत में आ गए। जिस जगह यह वारदात हुई, वहां भीड़भाड़ रहती है।
घटना की सूचना पाकर एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह और थाना पुलिस पहुंच गई। मीरा को नयति हॉस्पिटल ले गए, यहां मृत घोषित कर दिया। भाई अमर सिंह ने मृतका के बेटे राम के ससुर रमेश और उसके तीन बेटों के खिलाफ तहरीर देकर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
मीरा ठाकुर के पति नाहर सिंह की मौत सड़क हादसे में करीब 25 साल पहले हो गई थी। उसके बाद दो बेटी और एक बेटे का पालन करते हुए मीरा ठाकुर ने राजनीति में किस्मत अजमाई। साल 1995 में पहली बार वृंदावन नगरपालिका परिषद सभासद चुनी गईं।
पूर्व सभासद का समधी से चल रहा था विवाद
करीब छह साल पहले पूर्व सभासद मीरा ठाकुर के बेटे राम की शादी फरह के पौरी शहजादपुर से हुई थी। शादी के बाद पति और पत्नी में विवाद के चलते बात नहीं बनी। पूर्व सभासद की पुत्रवधू मायके चली गई। दोनों परिवारों में विवाद चलता रहा है।
फिलहाल कोतवाली पुलिस को मिली तहरीर में पूर्व सभासद की हत्या का आरोप भी समधी रमेश और उनके तीन बेटों पर लगा है। पुलिस इस पर कार्रवाई आगे जरूर बढ़ा रही है। इसके अलावा लेनदेन का एंगल भी जांच में लेकर चल रही है।
पुलिस ने खाली कारतूस और चप्पल की बरामद
कोतवाली पुलिस ने वारदात स्थल से एक खाली कारतूस बरामद किया है। यह कारतूस 328 बोर की पिस्टल का बताया जा रहा है। इसके अलावा पुलिस ने पूर्व सभासद की चप्पल भी कब्जे में ली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने बताया कि पूर्व सभासद की हत्या के मामले में समधी और उसके तीन बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस की तीन टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी को लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।