मैनपुरी। स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए तैयारियां अंतिम दौर में हैं। इसी के चलते सोमवार को विकास भवन सभागार में डिजिटल कैमरों का वितरण किया गया। इन कैमरों से मतदान के दौरान वीडियोग्राफी कराई जाएगी। रोजगार सेवकों को वीडियोग्राफी का जिम्मा सौंपा गया।
विकास भवन स्थित आंबेडकर सभागार में सोमवार को परियोजना निदेशक सुरेश चंद्र मिश्रा की अध्यक्षता में रोजगार सेवकों की बैठक हुई। इसमें रोजगार सेवकों को 36 पोलिंग बूथ की वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए 69 कैमरे वितरित किए गए। पंचायत राज विभाग ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में खरीदे गए कैमरों का वितरण किया।
उन्होंने कहा कि सभी रोजगार सेवक मतदान शुरू होने से लेकर अंत तक वीडियो रिकॉर्डिंग करें। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न की जाए। जिला पंचायत राज अधिकारी स्वामीदीन व अन्य टीम ने कैमरों के संचालन के बारे में जानकारी दी। मनोरंजन कर निरीक्षक मोहम्मत शाहिद भी मौजूद रहे।
मतदान केंद्र पर अफसरों ने देखीं व्यवस्थाएं
भोगांव। एमएलसी चुनाव के लिए मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए अधिकारी मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। सोमवार को एसडीएम सुधीर कुमार और सीओ अमर बहादुर सिंह ने नेशनल इंटर कॉलेज मतदान केंद्र का जायजा लिया।
मतदान बूथों का निरीक्षण करने के बाद प्रधानाचार्य डॉ. जोगेंद्र सिंह चौहान के साथ मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। एसडीएम ने प्रधानाचार्य से कहा मतदान के दिन से पहले ही कॉलेज परिसर में साफ सफाई, बिजली, पानी की उचित व्यवस्था कराई जाए। संवाद