चुनाव आयोग अब मतदाताओं के नाम भी आधार कार्ड से लिंक करने जा रहा है। इसके लिए मंगलवार तीन मार्च से अभियान शुरू होने जा रहा है। यह कार्यक्रम 31 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान वोटर लिस्ट में संशोधन के साथ ही डुप्लीकेट वोटरों के नाम हटाए जाएंगे। आधार से लिंक करने का उद्देश्य भी यही है कि डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा सकें।
करीब पांच महीने के इस अभियान में पहचान पत्र में फोटो की गुणवत्ता दुरुस्त की जाएगी। मतदाता सूची का घर-घर जाकर सत्यापन होगा। इस दौरान मतदाताओं के मोबाइल व ई-मेल नंबर भी लिए जाएंगे। इसके बाद चुनाव आयोग मतदाताओं को विभिन्न गतिविधियों की सूचनाएं मोबाइल व मेल पर प्रदान करेंगे।
12 अप्रैल को सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के बूथों पर राष्ट्रीय स्तर पर विशेष अभियान दिवस भी चलाया जाएगा। इसके बाद जुलाई तक प्रत्येक रविवार को विशेष अभियान चलाया जाएगा। मतदाता सूची की गड़बड़ियों को इस दौरान दुरुस्त किया जाएगा। सभी बीएलओ को यह निर्देश दिए गए हैं कि वे घर-घर जाकर मतदाताओं से आधार नंबर प्राप्त करें। इसे बाद में मतदाता सूची में लिंक किया जाएगा।
आधार, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी भी दर्ज होगी
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजकुमार ने बताया कि यदि कोई मतदाता अपना नाम दो या अधिक स्थानों के बजाए स्वेच्छा से एक ही स्थान पर करने का आवेदन करता है तो 15 दिन के अंदर आवेदन का निस्तारण किया जाएगा। संशोधन भी इसी समयावधि में होगा। उन्होंने बताया कि कोई भी मतदाता ceouttarpradesh.nic.in पर NATIONAL VOTERS SERVICE PORTAL पर क्लिक कर search your name electoral roll पर ‘अपना आधार नंबर दर्ज करें। इसके बाद इस पर क्लिक कर अपना मतदाता पहचान पत्र संख्या, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी यदि है तो फीड कर सकते हैं। इसके अलावा अपने मोबाइल से 51969 पर एसएमएस कर अपना मतदाता पहचान पत्र संख्या, मोबाइल नंबर आदि दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि जनता को जागरूक करने के लिए सभी बूथ लेबल आफीसर तीन मार्च को सुबह 10 बजे से मतदेय स्थलों पर तैनात रहेंगे।