आगरा। जिले के पांच विधानसभाओं में स्थित माध्यमिक विद्यालयों में छह जनवरी को मतदाता जागरूकता एक्सप्रेस पहुंचेेगी। एक्सप्रेस में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए प्रदर्शनी होगी। इसके साथ मौजूद टीम एनसीसी, एसएनएस, स्काउट-गाइड के साथ बाकी विद्यार्थियों को मतदान की महत्ता बताई जाएगी।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की ओर से मतदाता जागरूकता एक्सप्रेस का रूट चार्ट और कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। यह पांच विधानसभाओं में स्थित पांच विद्यालयों में पहुंचेगी। संबंध उपजिलाधिकारी एक्सप्रेस का स्वागत करेंगे। संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य और खंड शिक्षा अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
छह जनवरी की सुबह 10:00 बजे विधानसभा बाह स्थित आशाराम रामनिवास आदर्श इंटर कॉलेज पहुंचेगी। यहां एक घंटे का कार्यक्रम होगा। इसके बाद मतदाता जागरूकता एक्सप्रेस फतेहाबाद विधानसभा में स्थित जनता इंटर कॉलेज, फतेहाबाद पहुंचेगी। यहां सुबह 11:30 से दोपहर 12:30 बजे तक विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा। दोपहर 01:45 बजे से 02:30 बजे तक आगरा छावनी विधानसभा स्थित गोपीचंद शिवहरे सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज में कार्यक्रम होगा। इसके बाद एक्सप्रेस आगरा उत्तर विधानसभा स्थित क्वीन विक्टोरिया गर्ल्स इंटर कॉलेज पहुंचेगी। यहां अपराह्न 03:00 से 03:45 बजे तक कार्यक्रम चलेगा। उसके बाद शाम 04:15 से 05:00 बजे तक आगरा दक्षिण विधानसभा के श्री रत्नमुनि जैन इंटर कॉलेज, लोहामंडी में कार्यक्रम होगा।