बाह के खेडा देवीदास में प्लॉटिंग के लिए पाट दिया चंबल नहर का रजवाह
बाह। अपने फायदे के लिए चंबल नहर के बिक्रमपुर रजवाह को खेडा देवीदास गांव पर पाटे जाने का मामला सामने आया है। विरोध के स्वर फूटे तो मामला नगर विभाग तक पहुंच गया। जेई योगेश कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य नहीं हटाया तो कार्यवाही होगी। चंबल नहर के रजवाह को रास्ता बना कर प्लॉटिंग किए जाने का मामला सामने आया है। खेडा देवीदास गांव पर नहर के रजवाह में पानी निकासी को दो पाइप डाल कर रास्ता बना दिया है। दूसरे किनारे पर कोई चक मार्ग आदि न होने पर उस वक्त लोगों का रजवाह पाटे जाने की ओर ध्यान गया, जब दूसरे छोर पर प्लॉटिंग शुरू हो गई। नहर की जमीन का रास्ते के लिए इस्तेमाल किए जाने का विरोध शुरू हुआ और मामला नहर विभाग तक पहुंच गया। इस संबंध में पूछे जाने पर जेई योगेश कुमार ने बताया कि रजवाह पर किए गये निर्माण को हटाने का आश्वासन दिया गया है। निर्माणकर्ता यदि नहर पाटने की सामग्री को नहीं हटाता है तो उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।