डायल-100 का जवान रिश्वत लेते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश की पुलिस पर दाग हटने के नाम नहीं ले रहे हैं। पुलिस जवान का एक कारनामा एटा से उजागर हुआ। यहां सरेराह डायल-100 का जवान वसूली करता नजर आ रहा है। लेन-देन का पूरा मामला वीडियो में कैद हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद एएसपी क्राइम ने सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है।
पिछले दिनों अवागढ़ क्षेत्र में अवैध शराब बेचने का सिलसिला थमा नहीं है। आबकारी और पुलिस की कार्रवाई के बाद भी शराब तस्करों पर लगाम कसी नहीं जा सकी है। इसमें कुछ पुलिसकर्मी भी सहयोग कर रहे हैं। इसका सुबूत वीडियो में कैद हो चुका है।
थाना अवागढ़ क्षेत्र के एक युवक अवैध रूप से शराब बेच रहा था। उसे स्थानीय लोगों ने डायल-100 को फोन करके पकड़वाया था। उस शराब तस्कर को ही रुपये लेन के बाद छोड़ने की बात सामने आ रही है। इसका वीडियो भी बनाया गया है।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बीच सड़क पर पुलिस जवान ने एक व्यक्ति से सुविधा शुल्क लेकर जेब में रख लिया और आगे बढ़ गया। वह आगे जाकर पलटा। ये वीडियो किसी राहगीर ने बनाकर वायरल कर दिया।
इस वीडियो को पुलिस अधिकारियों के पास भेजा गया। वीडियो को देखने के बाद एएसपी क्राइम ओपीसिंह ने सिपाही देवेन्द्र पवार को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस मामले की जांच भी कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले की शिकायत भी मिली है।