मौसम में बदलाव और बढ़ते प्रदूषण के बीच आगरा में बुखार-खांसी के साथ शरीर और सिर में दर्द के मरीज बढ़ गए हैं। सोमवार को एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में 4,304 मरीज पहुंचे, जहां पर्चा और दवा लेने के लिए भीड़ रही।
मौसम में बदलाव से बुखार-खांसी के साथ मांसपेशियों और सिर में दर्द के मरीज बढ़ रहे हैं। एलर्जी के साथ सांस लेने में भी परेशानी हो रही है। एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में ऐसे मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा है। चिकित्सकों का कहना है कि अभी महीने भर तक वायरल बुखार परेशान कर सकता है। सोमवार को ओपीडी में 4,304 मरीज पहुंचे।
विज्ञापन
एसएन मेडिकल कॉलेज के वक्ष एवं क्षय रोग विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि मौसम में बदलाव और बढ़ते प्रदूषण से पोस्ट वायरल, अस्थमा और सांस रोग के मरीज तेजी से बढ़े हैं। इन्हेलर थेरेपी से आराम नहीं मिल रहा है। डोज बढ़ाकर देनी पड़ रही है। मरीजों को खांसी महीनेभर तक परेशान कर रही है। बुखार भी जल्दी नहीं ठीक हो रहा है।
मेडिसिन विभाग के डॉ. अजित चाहर ने बताया कि ओपीडी में 864 मरीज आए। इनमें शरीर में दर्द, कमजोरी, थकान, भूख न लगने, गले में खराश और बुखार की परेशानी के 60-70 फीसदी मरीज रहे। दवा बीच में छोड़ने पर खांसी-बुखार पूरी तरह से ठीक नहीं हो रहा है। प्लेटलेट्स भी कम हो रही हैं। नींद पूरी नहीं होने से कमजोरी-थकान की परेशानी देखने को मिल रही है।
विज्ञापन
एक घंटे अतिरिक्त चली ओपीडी
सोमवार को ओपीडी में मरीजों की अधिक भीड़ के कारण हॉल ठसाठस भरा रहा। लाइन गेट के बाहर तक लग गई। पर्चा-दवा के लिए मरीजों को चार-पांच घंटे तक इंतजार करना पड़ा। लाइन में खड़े मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। भीड़ को देखते हुए एक घंटे अतिरिक्त तीन बजे तक ओपीडी संचालित की गई।
मरीजों की परेशानी को देखते हुए पांच काउंटर और बढ़ाए जाएंगे। इसके लिए केबिन बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। काउंटर बढ़ने से मरीजों को पर्चा बनवाने और दवा लेने के लिए घंटों लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। - डॉ. प्रशांत गुप्ता, प्राचार्य