जानकारी के अनुसार, रुनकता निवासी विष्णु परमार सोमवार को न्यायालय में तारीख पर गए थे। इसी दौरान विपक्षी पक्ष की एक महिला ने मजिस्ट्रेट के सामने ही अधिवक्ता से अभद्रता की। जिस पर न्यायालय द्वारा उसे परिसर से बाहर करा दिया गया। आरोप है कि इससे नाराज होकर उक्त महिला अपने परिजनों के साथ विष्णु परमार के घर पहुंची और एक राय होकर घर में घुसकर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
हमलावरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए और अंदर घुसकर दो युवतियों और उनकी मां को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और श्याम व सौरभ पुत्र भोला को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घायल दोनों युवतियों और उनकी मां को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।