डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा
- फोटो : अमर उजाला
कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक राय की जगह अब छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक को डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के कुलपति का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। प्रो. आलोक राय को ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के कुलपति का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। जिसका प्रभार प्रो. विनय पाठक के पास था।
प्रो. अशोक मित्तल को पांच जुलाई 2021 को कार्य विरत किए जाने पर उसी दिन कुलाधिपति की ओर से प्रो. आलोक राय को डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के कुलपति का प्रभार सौंपा गया था। उनके पास करीब साढ़े छह माह अतिरिक्त प्रभार रहा। यहां तक की विश्वविद्यालय का 86वां दीक्षांत समारोह भी प्रो. आलोक राय ने ही कराया। कुलाधिपति के निर्देश पर दो सत्रों की डिग्रियां डिजी लॉकर पर अपलोड कराईं। अभियान चलवाकर डिग्रियां कॉलेजों को भेजवाईं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति का अध्यादेश तैयार कराया। हालांकि विषय विशेषज्ञ संस्थानों को उपलब्ध कराने में जरूर देरी हुई। चरणों में विषय विशेषज्ञ दिए गए, जिसका असर पठन-पाठन पर पड़ा। संविदा कर्मचारी नियमित भी इन्हीं के कार्यकाल में हुए।