मुख्य मार्ग पर जलभराव और गंदगी से बढ़ी मुश्किलें, नगूपुरा के ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
पिनाहट। थाना पिढौरा क्षेत्र के नगूपुरा गांव में मुख्य मार्ग पर पानी, कीचड़ और कचरा भरा होने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है।
सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि महीनों से नालियों की सफाई नहीं हुई है, जिससे पूरे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध फैली है। जलभराव के कारण डेंगू, मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। गांव के मंजेश यादव, अजय, मंशाराम शर्मा, नूर अली (मुनीम), बंटी, इस्लाम, इबरार और असगर आदि ने बताया कि पंचायत स्तर पर कई शिकायतें की गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सफाई और निर्माण की मांग की है, साथ ही आंदोलन की चेतावनी भी दी है।