आगरा के कलवारी ग्राम पंचायत में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बनाए जाने पर गुरुवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। निर्माण कार्य के विरोध में महिलाओं और बच्चों ने मौके पर जमकर हंगामा कर दिया।
इसी बीच कुछ लोगों ने निर्माण कार्य में जुटी जेसीबी पर पथराव कर दिया। उसके शीशे तोड़ दिए। विरोध प्रदर्शन के चलते कार्य रुकवा दिया। सूचना के बाद उपजिलाधिकारी सदर श्यामलता आनंद मौके पर पहुंची। एक युवक को हिरासत में लिया है।
कलवार में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह उपकेंद्र पोखर की जमीन पर बनाया जा रहा है। पोखर में गांव का गंदा पानी एकत्रित होता है। यदि यह बंद हो गया तो गांव में जलभराव होगा।
जबकि प्रशासन का कहना है कि दस्तावेजों में पोखर का कोई जिक्र नहीं है। गुरुवार को जमीन समतल करने के लिए जेसीबी पहुंची। कार्य शुरू ही हुआ था कि क्षेत्र की तमाम महिलाएं बच्चों को लेकर मौके पर पहुंच गईं।