पटियाली। विकास खंड गंजडुंडवारा की ग्राम पंचायत नरदौली में बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की कार्यशैली पर आक्रोश जताया है। ग्रामीणों ने घर के ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज विद्युत तारों को हटवाने की मांग अधिकारियों से की है।
ग्राम पंचायत नरदौली में विद्युत निगम द्वारा ग्रामीणों के घरों की छत से ऊपर हाई वोल्टेज विद्युत तार जा रहे हैं। इससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। बीते कई वर्षों से विद्युत विभाग के अधिकारियों से इन तारों को घरों के ऊपर से हटाने की मांग की है, लेकिन निगम कुंभकर्ण की नींद सोया हुआ है। शायद उसे किसी बड़े हादसे का इंतजार है। ग्रामीणों का आरोप है कि इन तारों की चपेट में आने से कई ग्रामीणों की मौत भी हो चुकी है और कई झुलस गए हैं। ग्रामीणों कहना है कि विद्युत निगम के उच्च अधिकारियों से कई बार मिलकर तार बदलवाए जाने की मांगकी है, लेकिन विद्युत निगम के अधिकारी ग्रामीणों की समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में ग्राम प्रधान कुंती देवी, पूर्व प्रधान पप्पू चौधरी, विजेंद्र सिंह, नारायण गुप्ता, राम भजन, जसवीर सिंह, प्रशांत गुप्ता, माधव सिंह, राहुल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
डर की वजह से अपनी छत पर नहीं जा पाते हैं, क्योंकि हाई बोल्टेज लाइन दूर से ही अपनी ओर खींच लेती है। इसी डर की वजह से छत पर नहीं जाते हैं। - अभनीस गुप्ता
यदि कहीं विद्युत तार टूट गया तो यह हाई बोल्टेज तार हमारे घर के ऊपर गिरेंगे। इससे अनहोनी की आशंका है। घरों के ऊपर से तारों को नहीं हटाया गया तो सभी ग्रामीण विभाग के खिलाफ धरना प्रदर्शन को बाध्य होंगे। - महेंद्र प्रताप सिंह
ग्रामीणों की विद्युत लाइन की समस्या से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा और जल्द से जल्द लाइन की शिफ्टिंग के लिए प्रयास किए जाएंगे। - राहुल सिंह, विद्युत उपखंड अधिकारी