फतेहपुर सीकरी। ग्राम मलिकपुर के ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार की रात टेंपो से लादकर ले जाया जा रहा गेहूं पकड़ा। गांववालों ने सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान का राशन का होने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गेहूं कब्जे में लेकर आपूर्ति विभाग को जानकारी दी। शुक्रवार को पहुंचे आपूर्ति निरीक्षक ने गेहूं की तौल कराकर दूसरे राशन डीलर के सुपुर्दगी में इसे रखा है। बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार की रात मलिकपुर के लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम में टेंपो से गेहूं ले जाने की सूचना दी थी। गांववालों का आरोप था यह सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान का गेहूं है, जो बेचने के लिए ले जाया जा रहा है। पुलिस ने इस संबंध में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को सूचित किया।
आपूर्ति निरीक्षक श्यामबाबू की टीम शुक्रवार सुबह थाने पहुंची और पकडे़ गए गेहूं की तौल कराई। आपूर्ति निरीक्षक ने बताया कि पकड़ा गया गेहूं साढ़े उन्नीस क्विंटल है। इसे एक अन्य राशन डीलर की सुपुर्दगी में दे दिया गया। ग्रामीणों के बयान दर्ज किए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है। गेहूं का सैंपल जांच के लिए भेजा जा रहा है, रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।