अकोला के गांव गामरी में निर्माणाधीन पानी की टंकी से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों का कहना है कि टंकी के निर्माण में इतनी घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे ये कभी भी गिर सकती है। टंकी की सीढ़ियां एक सप्ताह पूर्व ही गिर चुकी हैं।
आगरा के विकासखंड अकोला के गांव गामरी में गंगाजल प्रोजेक्ट के तहत बनाई जा रही पानी की टंकी के निर्माण में ग्रामीणों ने घटिया सामग्री का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। ग्रामीण सुरेश चौधरी ने बताया कि गांव में पानी की नई टंकी बनाई जा रही है। करीब 7 दिन पहले टंकी पूरी सीढ़ियां गिर गईं। गनीमत रही कोई हादसा नहीं हुआ। टंकी के किनारे घर भी बने हुए हैं और आम रास्ता भी है।
विज्ञापन
टंकी में मानकों के हिसाब से कार्य नहीं हो रहा है। इसकी शिकायत व जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी से करेंगे। समाजसेवी गीतम सिंह भगोर ने बताया कि सरकार के द्वारा अच्छा कार्य चल रहा है,लेकिन जिम्मेदार लोग अपना ठीक से कार्य नहीं कर रहे हैं। खराब गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए। कभी भी कोई हादसा हो सकता है।
ग्राम प्रधान सुनील कुमार ने बताया कि 7 दिन पहले निर्माणधीन इस टंकी की सीढ़ियां गिर गईं, इससे पता चलता है कि इसमें घटिया सामग्री का इस्तेमाल हो रहा है। ब्लॉक पर उन्होंने मौखिक शिकायत की है। आगे उच्च अधिकारियों से भी मामले की शिकायत करेंगे।
विज्ञापन
ग्रामीण विजय सिंह का कहना है कि अभी निर्माण कार्य चल रहा है। इस दौरान ही जब सीढ़ियां गिर रही हैं तो आगे भी टंकी गिरने का डर बना रहेगा। इसकी शिकायत अधिकारियों से करेंगे। ग्रामीण गीतम सिंह भगौर, उदय सिंह, दीवान सिंह, चौधरी चंद्रभान सिंह, देशराज सिंह, रामवीर दिवाकर, शैतान सिंह आदि ग्रामीणों ने भी हादसे की आशंका व्यक्त की है।