गंजडुंडवारा। सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के लखापुर गांव में धार्मिक स्थल के पास देसी शराब का ठेका संचालित होने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने ठेका को गांव से बाहर किए जाने की मांग की है।
लखापुर, बंगश नगर ग्राम पंचायत का मजरा है, यहां मंदिर के पास घनी आबादी के बीच शराब का ठेका संचालित है। दोपहर के बाद रात तक ठेके पर बड़ी संख्या में शराबियों का जमावड़ा होता है। नशे में होने के बाद बड़ी संख्या में शराबी उल जलुल हरकत करते है। इसके अलावा शराब पीने के लिए सड़क के भारी भीड़ लगती है। इससे मंदिर आने वाले ग्रामीणों को शराबी टोका टाकी और उल्टा पुल्टा बोलते है। इसके चलते अक्सर यहां पर झगड़ा भी हो जाता हैं।
गांव के मंदिर पर रहने वाले बाबा श्याम गिरी उर्फ सूरदास का कहना है, कि वह 15 सालों से भागवत कार्य करते चले आ रहे हैं। भक्तों को सबसे ज्यादा परेशानी इस शराब के ठेके से होती है। गांव की महिलाएं शाम के वक्त मंदिर पर आने से डरती हैं।
गांव के जगदीश का कहना है कि शराबी नशे में होने के बाद शोरगुल करते हैं। इस समय भागवत कथा चल रही होती है। कभी कभी तो शराबी पूजा पंडाल तक पहुंच जाते हैं, और हुड़दंग करते है। नियमानुसार धार्मिक स्थल के आस पास ठेका नहीं होना चाहिए। लोगों ने जिला प्रशासन से शराब ठेके को हटवाने की मांग की है।