श्मशान की जमीन पर पानी की टंकी बनाने से ग्रामीण नाराज
तहसील में नारेबाजी कर प्रदर्शन करके एसडीएम को ज्ञापन दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
किशनी। तहसील क्षेत्र की ग्रामसभा वरिहा के गांव ख्वाजापुर में जल निगम द्वारा श्मशान की जमीन पर पानी की टंकी बनाने के विरोध में ग्रामीणों ने तहसील में नारेबाजी करके प्रदर्शन किया। एसडीएम को ज्ञापन देकर मांग की कि पानी की टंकी पूर्व प्रस्तावित जमीन पर ही बनाई जाए।
गांव ख्वाजापुर, जयसिंहपुर, वरिहा के ग्रामीण और महिलाएं तहसील पहुंचे। ग्रामीणों का कहना था कि गांव ख्वाजापुर में गाटा संख्या 168 पर पानी की टंकी बनने का प्रस्ताव हुआ था। तत्कालीन लेखपाल तथा कानूनगो ने गाटा संख्या 109 में पानी की टंकी के निर्माण का प्रस्ताव भेज दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस स्थान पर पानी की टंकी बनाई जा रही है वहां पर उनका श्मशान है। जहां उनके परिजन का अंतिम संस्कार किया जाता रहा है। कुछ हिस्से में बाग लगा है। उन्होंने कहा कि उक्त स्थान पर पानी की टंकी बन जाने से उनके लिए अंतिम संस्कार करने का कोई स्थान नहीं बचेगा। प्रदर्शन करने के बाद ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन दिया। राधादेवी, शकुंतला देवी, मालती, सुमन, श्रीदेवी, हरेंद्र, उमाशंकर, सुभाष, अरविंद मौजूद रहे।
एसडीएम आरएन वर्मा का कहना है कि कुल सवा दो बीघा जमीन में से सिर्फ नौ सौ वर्ग मीटर जमीन पर टंकी का निर्माण होना है। जमीन ख्वाजापुर में है जबकि विरोध करने वाले जयसिंगपुर तथा तरिहा के लोग हैं। शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई होगी।
पैमाइश कराने की मांग की
किशनी। ग्रामसभा वरिहा की प्रधान सत्यवती ने एसडीएम को प्रार्थनापत्र दिया है। मांग की है कि गांव ख्वाजापुर स्थित गाटा संख्या 216 तथा 212 मरघट के तौर पर अभिलेखों में दर्ज है। जमीन को वह मनरेगा योजना के तहत खाई बनाकर सुरक्षित कराना चाहती है। उन्होंने जमीन की पैमाइश कराने की मांग की है। संवाद