बिचपुरी। खंड परिसर में ग्राम पंचायत सचिवों का ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली के खिलाफ विरोध शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। सचिवों ने अपनी मांगों को लेकर खंड विकास अधिकारी कार्यालय पर मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा।
ग्राम सचिव अशोक कुमार ने बताया कि ऑनलाइन उपस्थिति, गैर-विभागीय कार्यों का बढ़ता बोझ और मात्र 200 रुपये का साइकिल भत्ता आंदोलन के प्रमुख कारण हैं। उनका कहना है कि कार्यभार और भागदौड़ को देखते हुए सचिवों को मोटरसाइकिल भत्ता दिया जाना चाहिए। वहीं, मानवेंद्र चौधरी ने बताया कि सचिवों ने विरोध के रूप में सभी सरकारी व्हाट्सएप ग्रुप छोड़ दिए हैं। साथ ही 15 दिसंबर से वे ब्लॉक में अपना भुगतान डोंगल जमा करेंगे। इसके अलावा 10 दिसंबर से सभी ग्राम सचिव ग्राम पंचायतों और खंड परिसर तक साइकिल से ही पहुंचकर प्रतीकात्मक विरोध को और तेज करेंगे। प्रदर्शन में एडीओ पंचायत राहुल देव उपाध्याय, ग्राम सचिव मनोज भगौर, लिली माथुर, कविता सिंह, यश वर्मा, सौरभ गौतम रहे।