कासगंज। शिक्षा सत्र 2024-25 में कक्षा छह में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली विद्या ज्ञान परीक्षा रविवार को दो केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। दोनों पालियों में होने वाली इस परीक्षा में कुल 1798 परीक्षार्थी शामिल होंगें। परीक्षा ठीक प्रकार से संपन्न करवाने के लिए व्यवस्थाएं शनिवार को पूरी ली गईं। परीक्षा पर नजर रखने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने सात बीईओ की ड्यूटी लगाई है।विद्या ज्ञान परीक्षा की पहली पाली में बालिकाएं शामिल होगी। यह पाली सुबह 10:30 से शुरू होकर दोपहर 12:30 बजे तक होगी। दूसरी पाली में बालकों के लिए परीक्षा की व्यवस्था की गई है। यह पाली दोपहर 2:30 बजे से सायं 4:30 बजे तक चलेगी। राजकीय बालिका इंटर काॅलेज पर 560 बालक एवं 556 बालिका तथा बीएवी इंटर कॉलेज में 345 बालक एवं 337 बालिका परीक्षा में शामिल होंगे। कासगंज, सोरों, सहावर और अमांपुर के परीक्षार्थी राजकीय बालिका इंटर कालेज पर परीक्षा देंगे। जिसके चलते इन विकास क्षेत्रों के खंड शिक्षा अधिकारियों की ड्यूटी इस केंद्र पर लगाई गई है। जबकि पटियाली, सिढ़पुरा और गंजडुंडवारा विकास क्षेत्र के परीक्षार्थी बीएवी इंटर कॉलेज में परीक्षा देंगे। जिससे इन विकास क्षेत्रों के खंड शिक्षा अधिकारियों की ड्यूटी इस परीक्षा केंद्र पर लगाई गई है।
वर्जन
विद्या ज्ञान परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। परीक्षा के लिए दो केंद्र बनाए गए हैं। दोनोंं केंद्रों पर सात बीईओ की ड्यूटी लगाई गई है।- राजीव यादव, बीएसए