पटियाली। ग्राम दीवान नगर में जमीनी विवाद के चलते भाई भाभी को मारने के लिए तमंचा लेकर जा रहे युवक का वीडियो वायरल हो गया। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
ग्र्राम दीवान नगर निवासी कुमर पाल एवं उसके भाई ब्रजेश के बीच काफी समय से जमीनी विवाद चला आ रहा है। 22 मार्च को भी दोनों भाइयों के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद कुमर पाल ने अपने भाई व भाभी नेमादेवी की मारपीट कर दी। मामले की शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन भाइयों के बीच विवाद को उस समय समझा बुझाकर शांत करा दिया गया।
अपने भाई व भाभी को मारने की नियत से कुमर पाल शनिवार को तमंचा लेकर निकल आया। इस बीच उसका किसी ने वीडियो बना लिया। वह अपने भाई के घर पहुंच गया। कुमर पाल के तमंचा लेकर आने की जानकारी मिलने पर भाई भाभी ने छिपकर अपनी जान बचाई। इसके बाद मामले की तहरीर पुलिस को दी। कोतवाली प्रभारी अमरेश पाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र ही पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजेगी।