बाह। गांव पुरा भदौरिया निवासी सुनील को पुलिस ने तमंचे समेत गिरफ्तार कर बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेशी के लिए फतेहाबाद भेजा था। बादशाही बाग में कोर्ट के बाहर का आरोपी का वीडियो वायरल हुआ है। इसमें वह पुलिस पर घर से उठाने, थाने में प्यासा रखने और पिटाई करने का आरोप लगा रहा है। पेशी के लिए ले जाते समय के वायरल वीडियो को लेकर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कोर्ट में भी आरोपी ने पिटाई से पेट में दर्द होने की बात कही। इसके बाद न्यायाधीश ने पुलिस को उसका मेडिकल कराने का आदेश दिया।
इस संबंध में एसओ खेड़ा राठौर राजीव सोलंकी ने बताया कि सुनील के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। सुनील को ऑपरेशन पाताल अभियान में पुरा भदौरिया के राजकीय नलकूप के पास से तमंचा और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट में केस दर्जकर कोर्ट में पेश किया गया। पेट दर्द की शिकायत पर कोर्ट ने मेडिकल के लिए भेजा है। पिटाई आदि किए जाने का आरोप असत्य एवं निराधार है।