मैनपुरी में किशनी क्षेत्र के रहने वाले एक साधु शुक्रवार को स्मार्ट कार्ड में संसोधन के लिए शहर आए थे। जिला अस्पताल में टप्पेबाजों ने उनसे कुर्ता पर गंदगी लगी होने की बात कही। साधु नल पर सफाई करने लगा, इस दौरान टप्पेबाज साधु की बनियान लेकर भाग गए। बनियान में साधु के चार हजार रुपये रखे हुए थे। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना किशनी क्षेत्र के गांव नगला बील निवासी महेश नाथ ने स्मार्ट कार्ड बनवाया है। शुक्रवार को वे इसमें संसोधन के लिए जिला अस्पताल अधिकारी से मिलने आए थे। दोपहर के समय दो युवकों ने उनसे कहा कि कुर्ते पर कुछ गंदगी लगी हुई है। इसके बाद साधु परिसर में लगे हैडपंप के पास कुर्ता उतार कर धोने लगे, तभी एक युवक ने कहा कि बनियान पर गंदगी लगी है।
साधु ने बनियान को उतार कर रख लिया, जब तक साधु कुर्ता धो रहा था, इस बीच दोनों टप्पेबाज उनकी बनियान उठाकर वहां से गायब हो गए। जानकारी होने के बाद साधु परेशान होकर इधर-उधर टप्पेबाजों की तलाश करने लगा। जब कोई नहीं मिला तो कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि बनियान की जेब में चार हजार की नकदी व कुछ अन्य कागज रखे थे। तहरीर मिलने के बाद पुलिस परिसर में लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाल रही है।