आयोजनस्थल पर उप राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जीआईसी मैदान पर रविवार को राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी जयंती समारोह का आयोजन किया गया है। समारोह में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही विभिन्न राज्यों से राज्यपाल, मंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। आयोजनस्थल पर भीड़ उमड़ने लगी है। दाेपहर तक पांडाल में बड़ी संख्या में लोग पहुंच चुके हैं। समारोह स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। समारोह में आगरा व आसपास के जनपदों से 50 हजार से ज्यादा लोगों के भाग लेने की संभावना है।
आयोजनस्थल पर चेकिंग के बाद ही लोगों को दिया जा रहा प्रवेश।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
दोपहर 1:40 बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे उप राष्ट्रपति
उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, उनकी पत्नी सुधेश धनखड़, हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जीआईसी मैदान में आयोजित हो रहे अहिल्याबाई होल्कर जयंती समारोह में शामिल होंगे। उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी दिल्ली से विशेष विमान से 12:55 बजे दिल्ली से उड़ान भरेंगे। 1:40 बजे खेरिया स्थित वायु सेना हवाई अड्डे पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका स्वागत करेंगे। यहां से दोपहर 2 बजे जीआईसी मैदान के लिए प्रस्थान करेंगे। अहिल्याबाई होल्कर जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में दोपहर 3:20 बजे तक रहेंगे। शाम 4 बजे दिल्ली के लिए विमान से प्रस्थान करेंगे। उप राष्ट्रपति के साथ महाराष्ट्र विधान परिषद के चेयरमैन प्रो. राम शिंदे भी मौजूद रहेंगे। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय दोपहर 1:30 बजे खेरिया सिविल एन्क्लेव पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से दोपहर 2 बजे जीआईसी मैदान पहुंचेंगे। शाम 4:30 बजे विमान से वापस दिल्ली जाएंगे।
सीएम योगी का स्वागत करते जनप्रतिनिधि।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आगरा पहुंचे सीएम
जीआईसी मैदान पर आयोजित राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी जयंती समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगरा पहुंच चुके हैं। खेरिया एयरपोर्ट पर जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।
समारोह में पहुंचे उप राष्ट्रपति
जीआईसी मैदान पर आयोजित राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी जयंती समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंच चुके हैं। आयोजनस्थल पर बड़ी संख्या में भीड़ है।
भेंट की गई प्रतिमा
त्रिशताब्दी जयंती समारोह के मंच पर स्वागत करते हुए माता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेंट की गई।
">http://
केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मंच से केंद्रीय मंत्री बघेल ने किया संबोधित
जीआईसी मैदान पर आयोजित राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी जयंती समारोह में मंच से केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने मंच से उपराष्ट्रपति से मांग करते हुए कहा कि पाल, बघेल, धनगर समाज के जाति प्रमाण-पत्र बनने में जो परेशानी आ रही हैं, उसको दूर करने के लिए प्रयास किया जाए।
सीएम योगी और उप राष्ट्रपति ने किया मंच से संबोधित
जीआईसी मैदान पर आयोजित राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी जयंती समारोह में मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से जनसमूह को संबोधित किया। इसके बाद उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भीड़ को संबोधित किया।
'पुण्यश्लोक' पूज्य देवी अहिल्याबाई होल्कर जन्म त्रिशताब्दी वर्ष स्मृति अभियान-2025 के अंतर्गत माननीय उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ जी के साथ जनपद आगरा में आयोजित संगोष्ठी में...@VPIndia https://t.co/vljmzcHtBU
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath)
June 1, 2025 ">http://
मंदिरों के पुनर्स्थापना का कार्य किया
मुख्यंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकमाता ने अपने साम्राज्य के बाहर भी अखिल भारतीय दृष्टि डालकर विदेशी आक्रांताओं में नष्ट पवित्र मंदिरों के पुनर्स्थापना का कार्य किया। 250 वर्ष पहले किए गए उस कार्य के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने के लिए ये समारोह 300वीं जयंती पर आयोजित हुआ है।
प्रदेश में बन रहे सात हाॅस्टल
लोकमाता अहिल्याबाई के नाम पर प्रदेश में सात जगह कामकाजी महिलाओं के लिए हाॅस्टल बनाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जल्द ही आगरा में बड़ा कार्यक्रम होगा, जिसमें अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर कई घोषणाएं होंगी।
300 वर्ष पहले सिखाए आत्मरक्षा के गुर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकमाता ने 300 वर्ष पहले ही अपने साम्राज्य के माध्मय से आत्मरक्षा के गुर सिखा दिए थे। अब ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने पाकिस्तान में घुसकर न सिर्फ उनके एयर डिफेंस को नष्ट किया बल्कि हवाई अड्डों को भी तहस-नहस कर दिया, जिससे दुश्मन झुकने पर मजबूर हो गया। भारत ने ये आत्मरक्षा के गुर काफी पहले ही सीख लिए थे।
'अहिल्या के लोग' नाम का संगठन बनेगा
समारोह में केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि 'अहिल्या के लोग' नाम का राष्ट्रीय संगठन बनेगा। ये संगठन सामूहिक विवाह, मेधावियों की पढ़ाई में सहयोग करेगा।
धार्मिक स्थलों का किया पुनरोद्धार
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब समाज अपने राष्ट्रनायकों और नायिकाओं से प्रेरणा लेता है, तो कोई भी ताकत उसके मार्ग में बाधा नहीं बन सकती। लोकमाता अहिल्याबाई का विराट व्यक्तित्व इसका जीवंत उदाहरण है। उन्होंने महिलाओं, हस्तशिल्पियों, कारीगरों, किसानों, युवाओं, सुरक्षा और भारत की सांस्कृतिक विरासत के लिए जो कार्य किए, वे अविस्मरणीय और अभिनंदनीय हैं। उन्होंने बताया कि अहिल्याबाई ने राजकोष की जगह अपने निजी धन से पुरी के जगन्नाथ मंदिर, गया के मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर, केदारनाथ धाम, महाकाल मंदिर, ओमकारेश्वर मंदिर, सोमनाथ मंदिर, भीमाशंकर मंदिर और रामेश्वरम मंदिर सहित अनेक धार्मिक स्थलों का पुनरोद्धार किया। उन्होंने मात्र 70 वर्ष का जीवन जिया, लेकिन उनका व्यक्तित्व आज भी हमें प्रकाश और प्रेरणा दे रहा है।
लोकमाता के विराट व्यक्तित्व की प्रेरणा का परिणाम
मुख्यमंत्री ने बताया कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर के कार्यों से प्रेरित होकर डबल इंजन की सरकार तमाम योजनाएं सांचालित कर रही है। सीएम योगी ने लखपति दीदी, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मातृ वंदना योजना और आत्मनिर्भर भारत अभियान का विशेष उल्लेख किया। साथ ही, काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में भव्य राम मंदिर, महाकाल में महालोक, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम, सोमनाथ और रामेश्वरम मंदिरों में हो रहे कार्यों को भी इसी कड़ी का हिस्सा बताया। सीएम योगी ने कहा कि लोकमाता ने मालवा साम्राज्य को आत्मरक्षा के गुर सिखाए। आज भारत की सेना उसी प्रेरणा से सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक करती है। जब पाकिस्तान आतंकियों को पालता है, तो भारत घुसकर मारता है। भारतीय सेना ने पाकिस्तान के एयर सिस्टम को ध्वस्त कर दुश्मन को झुकने के लिए मजबूर किया। यह लोकमाता के विराट व्यक्तित्व की प्रेरणा का परिणाम है।
पहले कुछ लोग माफिया पालते थे
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले कुछ लोग माफिया को पालते थे, जो कानून व्यवस्था के लिए संकट पैदा करते थे। लेकिन आज डबल इंजन की सरकार ने लोकमाता के नाम पर औरैया में मेडिकल कॉलेज का नामकरण किया। पहले कुछ लोग उनके नाम पर बने डिग्री कॉलेज का नाम बदल देते थे, लेकिन हम उनकी विरासत को सम्मान दे रहे हैं। सीएम योगी ने देवी अहिल्याबाई द्वारा महिलाओं और हस्तशिल्प के लिए किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जैसे काशी में बनारसी साड़ी विश्वविख्यात है, वैसे ही लोकमाता ने माहिष्मती की साड़ियों को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई। उन्होंने महिलाओं के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाई, जो आज भी प्रेरणादायक है।