कासगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा 2023 के लिए तैयारियां तेजी से चल रही हैं। विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं का सत्यापन शुरू हो गया है। चार सदस्यीय समिति सुविधाओं का सत्यापन करेगी। बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले 42467 परीक्षार्थियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। परीक्षार्थियों को नजदीकी केंद्र आवंटित करने के लिए सभी 267 विद्यालयों की जीओ टेगिंग कराई गई है। इसके साथ ही परिषद ने सभी विद्यालयों में उपलब्ध बिजली, पानी, शौचालय की मूलभूत सुविधाओं के अलावा परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्रों की सुरक्षा आदि को ध्यान में रखते हुए उपलब्ध सुविधाओं को पोर्टल पर अपलोड कराया है।
विद्यालयों ने जो डाटा पोर्टल पर अपलोड किया है वह वास्तव में उनके पास उपलब्ध है या नहीं इसका सत्यापन शुरू कर दिया गया है। सत्यापन के लिए चार सदस्यीय समिति बनाई गई है। यह समिति आवश्यक सुविधाओं का भौतिक रूप से सत्यापन कर रही है। ताकि परिषद को परीक्षा केंद्र निर्धारण करते समय दिक्कत न हो। समिति के सदस्यों में संबंधित तहसील के एसडीएम, तहसीलदार, इंजीनियर, प्रधानाचार्य शामिल किए गए हैं।