आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र में ठेल लगाने के विवाद में कपड़े की ठेल लगाने वाले व्यक्ति की पिटाई कर दी गई। दांत से कान काट लिया। शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विज्ञापन
जीशान निवासी मेवाती गली ने बताया कि वह राम नगर पुलिया पर कपड़े की ठेल लगाता है। 16 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे बगल में ठेल लगाने वाले कामरान, ताहिर और सद्दाम ने व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा में झगड़ा किया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
तीनों ने उसे जमीन पर गिराकर पीटा। इसी दौरान कामरान ने दांत से उसका कान काट लिया। आरोपियों ने धमकी दी कि रामनगर पर ठेल नहीं लगाने देंगे और दोबारा दुकान लगाने पर जान से मार देंगे। मामले में डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।