मैनपुरी। आदर्श आचार संहिता लागू होते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। एसपी ने बताया कि बाहरी जनपद से आने वाले वाहन बिना चेकिंग के जिले की सीमा में प्रवेश नहीं पा सकेंगे। इसको लेकर गैर जनपद से सटी सीमाओं पर टीमें तैनात कर दी गईं हैं। प्रत्येक थाना क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग और संदिग्धों की तलाशी ली जा रही है। एसपी विनोद कुमार और एएसपी राहुल मिठास ने शनिवार को आदर्श आचार संहिता लागू होने के साथ ही बैठक कर अधीनस्थों को सर्तकता बरतने के निर्देश दिए हैं। एसपी ने बताया कि जनपद की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है। बैरियर पॉइंट पर बिना चेकिंग के जनपद में किसी भी वाहन का प्रवेश नहीं होगा। सभी वाहन चेकिंग करने और जांच टीम के संतुष्ट होने के बाद ही प्रवेश पा सकेगा। चेकिंग के दौरान एफएसटी और एसएसटी टीमों को तैनात कर दिया गया है। वहीं थाना स्तर पर सघनता के साथ वाहन चेकिंग संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में सीओ करहल संतोष कुमार सिंह, सीओ कुरावली संजय वर्मा और सीओ भोगांव सुनील कुमार ने रविवार को अपने अपने क्षेत्र में सुबह और शाम को पैदल गश्त किया। संवेदनशील मतदेय स्थल, मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पैरामिलिट्री के साथ स्थिति देखी।
एसपी ने बताया कि सभी थाना क्षेत्र में गांव स्तर पर चौपाल और थानों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की जा रहीं हैं। इसमें लोगों को निर्भीक होकर मतदान किए जाने को लेकर आश्वस्त किया जा रहा है। जनता के बीच पुलिस को लेकर विश्वास कायम हो और सहयोग मिले। इसको लेकर हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। एसपी का कहना है कि जनपद में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराना ही प्राथमिकता है। इसको लेकर जनपद पुलिस प्रतिबद्ध है।