उत्तर प्रदेश के आगरा में एसएन मेडिकल कॉलेज भी हाईटेक हो रहा है। अब यहां ऑपरेशन थिएटर और वार्ड को रोबोट कीटाणु मुक्त करेगा। इसका नाम डिसइंफेक्टेट रोबोट है। ये एसएन प्रशासन को दान में मिला है। रोबोट को ईएनटी रोग विभाग में लगाया गया है।
प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि कानपुर आईआईटी ने इसे बनाया है। इसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। ये आर्टिफिशयल इंटेलिजेंस तकनीक से कार्य करेगा। ये स्वचालित और अल्ट्रावॉयलेट (पराबैंगनी) किरणों से कीटाणुओं को नष्ट करेगा। इसको एक्टिवेट कर दिया है। अभी ये कार्य मैनुअल किया जा रहा था।
ऐसे करेगा काम
यह रोबोट ओटी और वार्ड में जाएगा और अल्ट्रावॉयलेट किरणों से हवा, फर्नीचर, उपकरण, बेड, फर्श समेत सभी जगह पर मौजूद कीटाणुओं को पूरी तरह से नष्ट कर देगा। इससे मरीजों में संक्रमण फैलने का खतरा नहीं रहेगा। रोबोट के कार्य करने से गुणवत्ता और बेहतर होगी।
ईएनटी रोग विभागाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र गुप्ता ने बताया कि कई बार मरीज ओटी और वार्ड में संक्रमित हो जाता है, जिससे दिक्कत और बढ़ जाती है। ये वैज्ञानिक ढंग से ओटी और वार्ड की सफाई रखेगा, इससे कीटाणु पूरी तरह से नष्ट होंगे और मरीज इनसे संक्रमित नहीं होगा। भविष्य में औरों से भी इसी तरह के रोबोट दान में मांगे जा रहे हैं।
आधुनिक तकनीक से लैस है रोबोट
आईटी कानपुर के आयुष सिंह ने बताया कि यह रोबोट आधुनिक तकनीक से लैस है। इस रोबोट से इलाज करने वाले चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और मरीजों में संक्रमित बीमारियों का खतरा नहीं रहेगा। कार्यक्रम में आईआईटी के प्रो. अंकुश शर्मा, पीयूष मिश्रा, डॉ. अखिल प्रताप सिंह, डॉ. सलोनी सिंह बघेल आदि मौजूद रहे।