आगरा। प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण रविवार को आगरा पहुंचे। उनके सर्किट हाउस आने के दौरान पुलिस ने फतेहाबाद रोड पर वाहनों को रोक दिया। इसके कारण एक घंटे से अधिक समय तक लोगों को जाम से परेशान होना पड़ा। वहीं दिल्ली हाईवे पर रामबाग,वाटरवर्क्स और आईएसबीटी से गुरुद्वारा गुरु का ताल तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
रविवार को ताजमहल पर पर्यटकों की भीड़ रही। पुरानी मंडी से शाहजहां गार्डन की ओर निर्माण कार्य के चलते अधिकांश पर्यटकों का आवागमन फतेहाबाद रोड से हो रहा था। डीजीपी ने सर्किट हाउस पर मीटिंग की। इसके चलते दो बार वाहनों को रोका गया। वाहनों के रुकने के कारण दोपहर दो से तीन बजे तक जाम लगा रहा। रामबाग, वाटरवर्क्स, भगवान टॉकीज चौराहा, आईएसबीटी से गुरुद्वारा गुरु का ताल तक लंबा जाम लगा रहा। ऐसी स्थिति शाहगंज, लोहामंडी, कमलानगर, बेलनगंज और हास्पिटल रोड पर रही। लोगों को कुछ मिनटों की दूरी तय करने में आधे घंटे से अधिक का समय लगा।