मैनपुरी। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम की बैठक में टीकाकरण की खराब प्रगति पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने 50 प्रतिशत से कम टीकाकरण करने वाले पशु चिकित्साधिकारियों के खिलाफ शासन को पत्र लिखे जाने के निर्देश दिए।
जिले में 45 दिवसीय एफएमडीसीपी (फुट एंड माउथ डिजीज कंट्रोल प्रोग्राम) के तहत पशुओं का टीकाकरण संचालित है। सोमवार को डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने जब इसकी समीक्षा की तो पता चला कि 30 दिन में अब तक केवल 25 प्रतिशत ही टीकाकरण हो चुका है। इस पर वह नाराज हो गए।
उन्होंने कहा कि मुख्य पशु चिकित्साधिकारी की शिथिल कार्यप्रणाली के कारण शासन की मंशा की पूर्ति नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि जिन पशु स्वामियों द्वारा टैगिंग, टीकाकरण नहीं कराया जा रहा है उनकी सूची तैयार करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ईशा प्रियरा, उप निदेशक कृषि दुर्विजय सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।
अफसरों का रोका वेतन
बैठक से अनुपस्थित अधिशासी अधिकारी बेवर, घिरोर, किशनी सहित संबंधित समस्त पशु चिकित्साधिकारियों के वेतन रोके जाने के भी निर्देश दिए।