अमांपुर(कासगंज)। कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार को व्यापारी के गल्ला लदे टेंपो को रोककर दो सिपाहियों ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर 80 हजार रुपये वसूल लिए। गल्ला व्यापारी की शिकायत पर थाना पुलिस ने सिपाही व दो अन्य लोगों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक सिपाही को गिरफ्तार भी कर लिया है। उसे शनिवार को मेरठ के भ्रष्टाचार निवारण न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने थाना पुलिस से इस मामले की गंभीरता से विवेचना के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को करीब एक बजे व्यापारी अतुल गुप्ता निवासी इंद्रानगर अमांपुर का एक गल्ला लदा टेंपो हाथरस से आ रहा था। इसमें गेहूं, बाजरा और चावल की बोरियां थीं। रास्ते में अमांपुर थाने के सिपाही सोबरन सिंह और संजीव चौधरी ने टेंपो रोक लिया और माल जब्त करने की धमकी दी।
इसके बाद अमांपुर के ही युवक गौरव यादव व पिंटू मेबाकी ने सिपाहियों से मामले को रफा दफा करने की पहल की और अतुल गुप्ता से 80 हजार रुपये वसूल लिए। पीड़ित का कहना है कि गौरव यादव और पिंटू ने रुपये देने का दबाव बनाया। पिंटू मेबाकी सट्टा माफिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सिपाही संजीव चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले की जांच एसपी ने सीओ सहावर शैलेंद्र प्रतिहार को सोंपी है।
एसपी ने किए दोनों सिपाही निलंबित
एसपी सुशील घुले ने मामला संज्ञान में आते ही थाना पुलिस को मामले की विवेचना सही से करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दोनों सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सिपाही को भ्रष्टाचार निवारण न्यायालय कोर्ट में पेश किया जाएगा।