वसंत पंचमी पर उल्लास की रोशनी से दयालबाग जगमग हो उठा। उमंग और उत्साह के बीच देश भर से आए हजारों लोगों ने दयालबाग में वसंतोत्सव में हिस्सा लिया। सुबह सत्संग के बाद रात में पूरे दयालबाग को एलईडी की रोशनी से जगमगाया गया। गुरु महाराज ने कालोनियों का भ्रमण कर रात में लाइटिंग का नजारा लिया।
राधास्वामी सत्संग सभा ने वसंत पंचमी पर सूर्योदय से पहले गुरूजी महाराज के विशेष सत्संग का आयोजन किया। राधास्वामी मत के हजारों सत्संगी हाथ जोड़े, आंखें बंद किए हुए मंगलाचरण में लीन रहे। आरती के बाद गुरु महाराज ने सभी सत्संगियों को आशीर्वाद दिया। देश के कोने कोने से आए सत्संगियों ने खेत पर श्रमदान किया। दिन में दयालबाग की सभी कालोनियों में वसंत पंचमी का उल्लास नजर आया। पीले वस्त्रों और पीली टोपी लगाए सत्संगियों के साथ हर जगह सजावट नजर आई।
शाम को गुरु महाराज ने विशेष सत्संग के बाद कालोनियों में लाइटिंग का नजारा लिया। गुरु महाराज केदर्शन के लिए सड़क के दोनाें ओर महिलाएं और पुरुष सत्संगी हाथ जोड़े खड़े रहे। प्रदूषण मुक्त एलईडी लाइटिंग से मुबारक कुंआ, शिक्षण संस्थान, राधास्वामी सत्संग सभा कार्यालय, कालोनियां और परिसर जगमगाए। देर रात तक बाहर से आए सत्संगी दयालबाग की अनुपम छटा को कैमरे में कैद करते दिखे तो कईयों ने सजावट में भी योगदान दिया।
सत्संग सभा के मीडिया प्रभारी एसके नैयर के मुताबिक शनिवार शाम 4 बजे से जिम्नास्टिक और 14 फरवरी को शाम 4:15 बजे से शूटिंग प्रतियोगिता होगी।