आगरा। खिलाड़ियों की छिपी प्रतिभा को निखारने के लिए सांसद खेल स्पर्धा 21 दिसंबर को रामलीला मैदान पर मिनी मैराथन से होगी। पांच दिवसीय आयोजन में 29 विधाओं में महिला व पुरुष खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। यह जानकारी करकुंज चौराहे पर एक रेस्तरां में आयोजन समिति ने बुधवार को पोस्टर विमोचन कर दी।
इसमें उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, बेसिक शिक्षा, युवा कल्याण, पुलिस, चिकित्सा विभाग एवं जिला खेल संघ के माध्यम से खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। शुभारंभ 21 दिसंबर को रामलीला मैदान पर मिनी मैराथन से होगा। खेल महोत्सव समन्वयक दिगंबर सिंह धाकरे ने बताया कि केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल के नेतृत्व में एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में 21 से 25 दिसंबर तक सांसद खेल स्पर्धा का आयोजन किया जाएगा।
मिनी मैराथन रामलीला मैदान से पुरानी मंडी, फूल सैयद चौराहा, कंपनीबाग होते हुए एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचेगी। खेलो का खेल प्रतियोगिता में दिव्यांग खिलाड़ी पवार लिफ्टिंग और रस्साकसी के खेल में प्रतिभाग करेंगे। माध्यमिक विद्यालयों के सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी किए गए हैं। पंजीकरण शुरू हो गए हैं। करीब 50 हजार खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान नवीन गौतम, हेमंत प्रजापति, संजय शर्मा, राहुल राज, गौरव शर्मा, हेमा जैन, राम चौधरी, रोहित कत्याल आदि मौजूद रहे।