वाहनों पर बंपर ऑफर से शहर में जाम
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बीएस-3 वाहनों पर बंपर ऑफर के कारण भगवान टाकीज, बाईपास, प्रतापपुरा, बालूगंज, छीपीटोला के ऑटोमोबाइल शोरूमों पर शुक्रवार को ग्राहकों की भीड़ रही। भगवान टाकीज चौराहे पर आत्माराम हीरो शोरूम पर पहुंचे लोगों के वाहन सड़क पर ही पार्क हुए। इससे चौराहा दिन भर जाम रहा। खरीदारी का आलम यह है कि महज दो दिनों में शहर में तीन हजार से ज्यादा वाहन बिक गए। इनमें दो पहिया वाहनों की संख्या ज्यादा है।
पांच हजार से लेकर 22 हजार रुपये तक की छूट और इंश्योरेंस फ्री के ऑफर के कारण शुक्रवार सुबह से ही लोग ऑटो मोबाइल शोरूम पहुंचने लगे थे, लेकिन ज्यादातर शोरूमों के शटर ही नहीं खुले। गुरुवार को ही अधिकांश डीलर अपना स्टॉक क्लियर कर चुके थे। पसंदीदा मॉडल छोड़कर लोगों ने भारी छूट के कारण कम बिकने वाले मॉडल तक खरीद डाले।
बाईपास रोड की सर्विस लेन पर बजाज, टीवीएस, होंडा के शोरूम पर भी भारी भीड़ रही। 100 से 150 सीसी की मोटर साइकिलें और स्कूटर तो गुरुवार रात को ही बिक गए। शुक्रवार को केवल उन्हीं मॉडलों की बिक्री हो पाई जो ज्यादा प्रचलित नहीं हैं। 180, 200 सीसी की बाइक और मोपेड आदि की बिक्री ही शुक्रवार को हो सकी। ज्यादातर स्टॉक दोपहर में ही खत्म हो गया।
रात तक कराए गए रजिस्ट्रेशन
बीएस-3 मानक वाले वाहनों की खरीद के कारण संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में शुक्रवार को खासी भीड़ रही। वाहन एजेंसियों के एजेंटों ने आरटीओ में ही डेरा डाल दिया था। दो दिन के अंदर ही तीन हजार से ज्यादा दो पहिया और कामर्शियल वाहनों के रजिस्ट्रेशन आवेदन आए हैं। 31 मार्च तक बिक्री के आदेश के कारण ज्यादातर ऑटोमोबाइल डीलर रात में ही रजिस्ट्रेशन कराने के लिए लगे रहे। गुरुवार को 89 कार्मिशियल वाहनों और एक हजार दोपहिया वाहनों के रजिस्ट्रेशन कराए गए थे। शुक्रवार सुबह से ही रजिस्ट्रेशन काउंटरों पर भीड़ लग गई। दो पहिया के साथ कामर्शियल वाहनों में लोडिंग टेंपो, आटो समेत अन्य गाड़ियां भी शामिल रहीं। उधर, वित्तीय वर्ष का अंतिम दिन होने के कारण आरटीओ में टैक्स आदि के कार्य भी किए जाने थे। आरटीओ (प्रशासन)डा. विजय कुमार ने बताया कि 31 मार्च तक ही रजिस्ट्रेशन करने हैं। चूंकि सभी कुछ आनलाइन किया जाना है तो इसे टाला भी नहीं जा सकता। तीन हजार से ज्यादा वाहनों के रजिस्ट्रेशन किए जाने हैं।