कासगंज। बारिश के मौसम में दुधारू पशुओं में फैलने वाले गलघोंटू रोग से की रोकथाम को विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। जिले को 4 लाख वैक्सीन शासन से उपलब्ध कराई गई है। वैक्सीन आ जाने के बाद विभाग ने पशुओं का टीकाकरण शुरू कर दिया है।जिले में बढ़ी संख्या में गोवंशी व महिषवंशीय पशु पाले जाते हैं। बारिश के दिनों में इन पशुओं में गलघोंटू की बीमारी फैलने का खतरा रहता है। यह बीमारी जानलेवा होती है। पशुओं में यह बीमारी पास्चुरेला मल्टोसीडा जीवाणु से होती है। बीमारी में पशु को तेज बुखार आता हैं, गले व छाती में सूजन हो जाती है, नाक से स्राव होता है। संक्रमित पशु को सांस लेने में परेशानी होती है और पशु के दूध उत्पादन में कमी आ जाती है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विजय वीर चंद्रयाल ने बताया कि टीकाकरण से बीमारी से आसानी से बचाव हो सकता है। पशुओं का टीकाकरण शुरू हो गया है, ताकि पशु बीमारी की चपेट में न आएं। सभी केंद्रों पर वैक्सीन उपलब्ध करा दी गई है।
बचाव के उपाय
- संक्रमित पशु को अन्य पशुओं से अलग रखें
- संक्रमित पशु के आस-पास चूना का छिड़काव करें
- पशु को गीले व नम मौसम से बचाएं
- वर्ष में दो बार टीकाकरण कराएं
- परेशानी बढ़ने पर पशु चिकित्सक से इलाज कराएं