गुजरात चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत में उत्तर प्रदेश का भी अहम योगदान है। यहां के नेताओं और मंत्रियों ने वहां प्रचार में दम दिखाया वहीं चुनाव में जीत हासिल करने के लिए कई प्रत्याशी मथुरा में भगवान कृष्ण से आशीर्वाद भी मांगने आए थे।
बता दें कि गुजरात के लोगों की मथुरा में भगवान द्वारिकाधीश, गिरिराजजी और यमुना मैया में गहरी आस्था है। वे कोई भी शुभ कार्य इनकी पूजा के बिना शुरू नहीं करते।
ऐसे में गुजरात की अलग-अलग विधानसभाओं के करीब 50 प्रत्याशियों ने भगवान द्वारिकाधीश के चरणों में अर्जी लगाई। प्रत्याशियों ने अपने पुरोहितों के माध्यम से द्वारिकाधीश की पूजा कराकर जीत का आशीर्वाद मांगा था।
द्वारिकाधीश मंदिर
- फोटो : अमर उजाला
किसी ने मंगला भोग कराया तो किसी ने राजभोग की सेवा। किसी ने शृंगार कराया तो किसी ने पूरे दिन की सेवा ली है। द्वारिकाधीश मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी ने चुनाव प्रचार के दौरान बताया था कि 30 से ज्यादा फोन तो उनके पास ही आए, जिन्होंने भगवान के लिए मंगला भोग और राजभोग के लिए कहा है। उन्होंने बताया था कि गुजरात में सबसे ज्यादा भक्त ठाकुर द्वारिकाधीश के हैं।
बांके बिहारी जी
- फोटो : ब्यूरो/अमर उजाला, वृंदावन (मथुरा)
इसके अलावा वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में भी आशीर्वाद के लिए प्रत्याशियों के पत्र पहुंचे। उम्मीदवारों ने पुरोहितों के माध्यम से पूजा भी कराई। श्री बांकेबिहारी मंदिर वृंदावन के सेवायत प्रहलाद गोस्वामी के अनुसार 10 पत्र तो उनके ही पास आए थे।
गिरिराज जी के पास भी उम्मीदवार पहुंचे। किसी की पत्नी तो किसी के परिवार के दूसरे लोग गिरिराज जी की परिक्रमा लगाने आ रहे हैं। गुजरात चुनाव में दम दिखाने वाले कई नेता नामांकन से पहले गिरिराज जी की परिक्रमा लगा कर गए थे। इसमें अहमदाबाद, राजकोट, बड़ौदरा, सूरत, कच्छ, अंकलेश्वर, सोमनाथ तक के लोग पहुंचे।