आगरा में जगदीशपुरा के अलबतिया में बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक पर कार्रवाई न होने से नाराज लोगों ने बुधवार को थाने पर हंगामा किया। थाना प्रभारी ने आश्वस्त किया कि अब बैंक और एजेंसी से पूछताछ की जाएगी।
ये है मामला
बोदला-शाहगंज मार्ग स्थित स्टेट बैंक शाखा का अलबतिया में करीब 10 वर्ष पुराना ग्राहक सेवा केंद्र था। अलबतिया और उसके आसपास की कॉलोनी के अधिकांश खाताधारक ग्राहक सेवा केंद्र से लेनदेन करते थे। केंद्र संचालक 10 जुलाई को उसे बंद कर परिवार समेत गायब हो गया। एक सप्ताह तक उसके गायब रहने से शक होने पर लोगों ने अपनी पासबुक अपडेट कराईं तो उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। लोगों के खातों से रकम गायब थी। अधिकांश खाताधारक मजदूर वर्ग के हैं, जिन्होंने पाई-पाई करके रकम जोड़ी थी। आक्त्रसेशित खाताधारकों ने बैंक पर कई दिन हंगामा किया था।
थाने पहुंचे पीड़ित
बुधवार को जगदीशपुरा थाने पहुंचे पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि उन्हें पांच अगस्त तक रकम देने का वादा किया था। बैंक और एजेंसी दोनों टालमटोल कर रहे हैं। इंस्पेक्टर जगदीशपुरा देवेंद्र शंकर पांडेय ने बताया कि खाताधारकों से तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले में बैंक से पूछताछ करेगी। पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि संचालक मशीन पर अंगूठा लगवाकर उनके खाते में जमा रकम का पता कर लेता था। सर्वर डाउन बता ग्राहकों को लौटाने के बाद खुद सारी रकम निकाल लेता था।