सर्दी को लेकर मौसम विभाग की भविष्यवाणी
- फोटो : अमर उजाला
दिनभर बादल छाए रहने और शाम को बूंदाबांदी की वजह से सर्दी बढ़ गई। पिछले दिनों 24 डिग्री तक पहुंचा अधिकतम तापमान 21 डिग्री पर आ गया। मंगलवार को भी बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान नहीं गिरेगा। शुक्रवार को एक बार फिर बारिश के आसार बन रहे हैं।
दिसंबर माह के 22 दिन बीतने के बाद भी कड़ाके की ठंड का आगाज नहीं हुआ है। सोमवार को सुबह से मौसम का मिजाज बदला रहा। दिन में धूप तो निकली लेकिन उसमें गर्माहट नहीं थी। दिन चढ़ने के साथ ही ठंडी हवा चलने लगीं। अधिकतम तापमान में गिरावट आई और यह 21 डिग्री रह गया जो कि सामान्य से 1.8 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 9.6 रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम रहा।
शाम करीब 6 बजे से शुरू हुई बूंदाबांदी ने ठंडक को और बढ़ा दिया। कृषि विज्ञान केंद्र बिचपुरी के मौसम विज्ञानी डॉ. संदीप सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते सोमवार को बूंदाबांदी हुई। मंगलवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। बुधवार को कोहरा छाएगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार शुक्रवार 27 दिसंबर को फिर बूंदाबांदी के आसार हैं।
आज का तापमान
अधिकतम तापमान- 21
न्यूनतम तापमान- 9.6
सूर्योदय- 7.00
सूर्यास्त- 5:29
एक्यूआई- 115