आगरा में मंगलवार को सात और लोगों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। इसके साथ जिले में अब तक 823 संक्रमित मिल चुके हैं। राहत की बात यह है कि कोरोना मरीजों का रिकवरी रेट 77 फीसदी हो गया है। अब तक 640 मरीज ठीक होने के बाद घर पहुंच गए हैं। 28 संक्रमितों की मौत भी हो चुकी है।
जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि सात नए संक्रमित मिले हैं। 51 मरीज डिस्चार्ज भी हुए हैं। अच्छी बात यह है कि रिकवरी दर लगातार बेहतर होती जा रही है। जिले में अभी 155 कोरोना संक्रमितों का उपचार चल रहा है। अब तक 10970 सैंपल की जांच हो चुकी है।
ये भी पढ़ें- राहत: चार दिनों में बदल गई आगरा की कहानी, अब हर घंटे ठीक हो रहे दो कोरोना मरीज
उधर, जिला कारागार में तीन और बंदी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। यह तीनों मृत कोरोना संक्रमित बंदी के संपर्क में आए थे। जेल प्रशासन ने इन तीनों समेत 28 बंदियों को क्वारंटीन किया हुआ है। नौ के सैंपल लिए गए थे। मंगलवार को संक्रमित बंदियों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आइसोलेट किया है।
1319 लोगों के स्वास्थ्य की जांच
स्वास्थ्य विभाग ने 15 हॉटस्पॉट एरिया में शिविर लगाकर 1319 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। इसमें विभिन्न बीमारियों के 527 मरीज पाए गए। इनकी थर्मल स्क्रीनिंग करने के साथ दवाएं भी दी गई। कमिश्नर ने नगला पदी के दो कैंपों का निरीक्षण भी किया।
नगला पदी, जीवनी मंडी, फ्रीगंज, दयालबाग, कमला नगर, शाहगंज, आजमपाड़ा, नगला बूढ़ी, राजामंडी, ढोलीखार समेत 15 स्थानों पर 606 पुरुष, 579 महिलाएं और 134 बच्चों की सेहत जांची। इसमें खुजली, घमौरियों के 138 मरीज, मधुमेह के 39, बीपी के 24, दांतों के 13 और अन्य बीमारियों के 313 मरीज पाए गए।
कमिश्नर अनिल कुमार ने नगला पदी के कैंप में जाकर हाल देखा, सभी के थर्मल स्क्रीनिंग कराने के भी निर्देश दिए। प्रभारी डॉ. संजीव बर्मन ने बताया कि लोगों को घरों में रहने को भी कहा गया है।