आगरा के बाह क्षेत्र में एक दरोगा के उस समय होश उड़ गए, जब पीछे से उनके जोरदार थप्पड़ पड़ा। दरोगा वर्दी में थे और डेरी से छाछ लेने के लिए आए थे। थप्पड़ पड़ते ही दरोगा जोर से चिल्लाए। वे जब तक कुछ समझ पाते, उससे पहले ही जिस बाइक सवार ने उन्हें थप्पड़ जड़ा, वो तेजी से वहां से भाग निकला। ये घटना देखकर मौके पर भीड़ जुट गई। दरोगा गुस्से से आग बबूला होने लगे, लेकिन उस समय करते भी तो क्या। दरोगा ने आसपास लगे सीसीटीवी भी खंगाले, लेकिन उनके हाथ कुछ भी नहीं लग सका।
छाछ लेने आए थे दरोगा
दूध की दुकान पर मंगलवार की रात 9 बजे छाछ लेने गए एक बाइक सवार दरोगा को पीछे से थप्पड़ मारकर युवक के भाग जाने का मामला सामने आया है। घटना इटावा अड्डा की पुलिया के पास का है। बुलेट सवार बाह थाने में तैनात एक दरोगा मंगलवार रात 9 बजे दूध, पनीर की दुकान पर छाछ लेने गए थे। बताया गया है कि दुकान के सामने उन्होंने अपनी बाइक रोकी ही थी, तभी पीछे से आए दूसरे बाइक सवार ने दरोगा को पीछे से थप्पड़ मार दिया और भाग निकला।
सीसीटीवी में कुछ न मिला
लोगों ने बताया कि थप्पड़ मारे जाने की घटना से आहत दरोगा पहले खुद ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। बाद में जानकारी होने पर बाह थाने की पुलिस भी छानबीन में जुट गई। बताया गया है कि पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोग उठाए भी हैं। इस संबंध में पूछे जाने पर बाह के प्रभारी निरीक्षक सत्यदेव शर्मा ने बताया कि दरोगा को थप्पड़ मारे जाने की घटना की जांच की जा रही है।