ताजनगरी की एक एथलीट देश-दुनिया में शहर का नाम रोशन कर रही है। पुलिस के एंटी करप्शन विभाग में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत इस एथलीट का नाम है अनीता यादव। अनीता ने लंबी कूद और जेवलिन थ्रो में अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में गोल्ड और सिल्वर मेडल जीते हैं। साथ ही राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उन्होंने लंबी कूद में कई मेडल्स पर कब्जा जमाया है।
अनीता को सन 2008 में मलेशिया में हुई मलेशियन ओपन मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बेस्ट वुमेन एथलीट’ का अवार्ड भी मिल चुका है। उन्होंने जेवलिन थ्रो में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सिल्वर मेडल जीता है। सन 2016 में लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से ‘लक्ष्मीबाई वीरता पुरस्कार’ से सम्मानित की गईं।
प्रतीक एन्क्लेव में रहने वाली एथलीट अनीता कुछ बच्चों को इन दिनों लंबी कूद का प्रशिक्षण दे रही हैं। अनीता का कहना है कि मेरा मकसद एशियन गेम्स में लंबी कूद में मेडल जीतना है। इसके लिए लगातार प्रैक्टिस कर रही हूं।
रिकॉर्ड दर रिकॉर्ड
- सन 2018 में जम्मू में हुई नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में लंबी कूद में गोल्ड मेडल जीता। जेवलिन थ्रो में भी गोल्ड मेडल जीता।
- सन 2018 में लखनऊ में डीजीपी अवार्ड एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन करने के लिए डीजीपी अवार्ड से सम्मानित किया गया।
- सन 2015 में भारत में हुई वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में गोल्ड मेडल विजेता रहीं।
- सन 2013 में आयरलैंड में हुई वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में लंबी कूद में गोल्ड मेडल जीता।
- सन 2012 में गुवाहाटी में नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में लंबी कूद में पदक जीता।
- सन 2011 में मलेशिया में हुई ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में लंबी कूद में गोल्ड मेडल विजेता रहीं।
- सन 2011 में न्यूयार्क में हुई वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में लंबी कूद में सिल्वर मेडल जीता।
- सन 2010 में लंदन में हुई वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में लंबी कूद में गोल्ड मेडल जीता। जेवलिन थ्रो में सिल्वर मेडल जीता।
- सन 2009 में मलेशिया में हुई मलेशियन ओपन मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में लंबी कूद में एक सिल्वर मेडल जीता।
- सन 2008 में मलेशिया में हुई मलेशियन ओपन मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में लंबी कूद में दो सिल्वर मेडल जीते। चैंपियनशिप में उन्हें बेस्ट वूमेन एथलीट का अवार्ड भी मिला।
प्रैक्टिस के लिए कोच सजग रहते थे
एथलीट अनीता यादव के कोच स्वर्गीय भानु शर्मा का कुछ महीने पहले ही देहांत हुआ है। अनीता बताती हैं कि उनके कोच हमेशा ही प्रैक्टिस टाइम को लेकर सजग रहते थे। यही कारण रहा कि पुलिस की ड्यूटी खत्म करने के बाद वह सीधे प्रैक्टिस करने पहुंचती थीं। उन्होंने काफी समय तक एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में भी लंबी कूद और जेवलिन थ्रो की प्रैक्टिस की है।
लॉन्ग जंप के वीडियो देखती हैं
अनीता यादव के भाई एनएस यादव बताते हैं कि छोटी उम्र से उन्हें लंबी कूद का शौक रहा है। आज भी वह व्यस्तता के बीच समय निकालकर अभ्यास करती हैं। विश्व के लांग जंप खिलाड़ियों के वीडियो देखती रहती हैं और अपनी तकनीक व खेल में सुधार की कोशिश करती रहती है।