पंचायत चुनाव में जीत के बाद हुए हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद पंचायत चुनाव का परिणाम आने के बाद हारे प्रत्याशी के समर्थकों ने विजयी प्रत्याशी के समर्थकों पर ब्लॉक कार्यालय से कुछ दूरी पर हमला बोल दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस पर आरोपियों ने पथराव किया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी सहित दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
फिरोजाबाद सदर, टूंडला और जसराना ब्लॉक की एक-एक ग्राम पंचायत में प्रशासन द्वारा उपचुनाव कराए गए थे। संबंधिक ब्लॉकों पर मंगलवार को मतगणना कराई गई। सदर ब्लॉक में जीत के बाद आरओ ने विजयी प्रत्याशी नरेंद्र सिंह को प्रमाणपत्र दे दिया। मतगणना कार्य पूरा होने के बाद प्रत्याशी समर्थकों के साथ घर लौट रहे थे। फिरोजाबाद ब्लॉक से कुछ ही दूरी पर ही वाजिदपुर कुतकपुर से पराजित हुए प्रत्याशी उदयवीर और उसके समर्थकों ने विजयी प्रत्याशी नरेंद्र सिंह के समर्थकों पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान लाइनपार थाना क्षेत्र के गांव नया बांस निवासी स्वामी पुत्र लीलाधर घायल हो गया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस पर आरोपियों ने हमला करते हुए पथराव कर दिया। पथराव के दौरान सिपाही कुलदीप हाथ में ईंट लगने से घायल हो गया। पुलिस ने बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ दिया। थाना दक्षिण पुलिस ने एक आरोपी को भी हिरासत में ले लिया। और थाने ले आई। इधर, मारपीट में घायल स्वामी को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया। कोतवाल दक्षिण सुशांत गौर का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
पंचायत चुनाव परिणाम : प्रधान पद पर कोई तीन वोट से जीता, कहीं प्रत्याशी को नहीं मिला स्वयं का मत
#ladengecoronase: महज 15 दिन में एफमेक ने तैयार किया 350 बेड का प्री-कोविड हॉस्पिटल, पहले दिन तीन मरीज भर्ती