यूपी पंचायत चुनाव 2021: मतदान केंद्र पर मतदाताओं की कतार
- फोटो : अमर उजाला
एटा में बूथ लूटने का प्रयास
एटा के जैथरा ब्लाक के गांव कुकरया रतनपुर में कुछ लोगों ने बूथ लूटने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स पहुंच गया। पुलिस ने अराजकतत्वों को खेतों में खदेड़ दिया। मतदान केंद्र पर तैनात सिपाही सुनील कुमार ने बताया कि करीब 150 लोग लाठी-डंडे लेकर आए थे। घटना के बाद मतदान केंद्रों पर काफी देर तक मतदान बाधित रहा।
एटा के शीतलपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत वाहनपुर में मतदान प्रक्रिया धीमी चली। इसके कारण मतदाताओं को काफी इंतजार करना पड़ा। कई महिलाएं मतदान केंद्र पर कतार में बैठ गईं। सेक्टर मजिस्ट्रेट अशिफ अली का कहना था कि यहां पर दो बूथ हैं, जिस पर आठ कर्मचारी है, जिसकी वजह से थोड़ा बिलंब हो रहा है। इन अव्यवस्थाओं के बीच भी मतदाताओं में उत्साह कम नहीं हुआ।
मैनपुरी जिले में ग्राम प्रधान के 549 पदों के लिए 4850 और क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) के 761 पदों पर 3417 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिला पंचायत सदस्य के 30 पदों के लिए 367 और ग्राम पंचायत सदस्य के 6967 पदों के लिए 3311 प्रत्याशी मैदान में हैं। केवल ग्राम पंचायत सदस्य में ही पदों के सापेक्ष प्रत्याशियों की संख्या कम है। जिले में 2085 मतदान स्थल बनाए गए।
एटा जिले में 2024 मतदान स्थलों पर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुरक्षा की दृष्टि में जिले को 24 जोन और 210 सेक्टर में विभाजित किया गया। पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए।
एटा जिले में इतने प्रत्याशी हैं मैदान में
ग्राम प्रधान- 6085
क्षेत्र पंचायत सदस्य- 3848
ग्राम पंचायत सदस्य- 4595
जिला पंचायत सदस्य- 329