मोबाइल में दिख रहा चुनाव
मोबाइल पर प्रचार चर्चा का विषय भी है। किसी को पसंद आ रहा है तो कोई इसको गलत भी बता रहा है। अहारन रोड के किनारे स्थित नलकूप के पास बैठे गांव के संजय कुमार सिंह, केपी सिंह, श्यामवीर त्यागी, रामवीर, हरेंद्र सिंह भी इस पर चर्चा कर रहे थे। बोले, सुबह ही प्रत्याशी की राम-राम आ जाती है। जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों के पोस्टर, बैनर नदारद हैं। चुनाव केवल मोबाइल में दिख रहा है।
एक प्रत्याशी के तीन-तीन ग्रुप
प्रत्याशियों ने व्हाट्स एप पर अपने ग्रुप बनाकर मतदाताओं को जोड़ लिया है। एक प्रत्याशी के तीन-तीन व्हाट्स एप ग्रुप हैं। जिला पंचायत के प्रत्याशियों ने अपनी वार्ड संख्या के नाम पर ग्रुप बना लिए हैं। इन ग्रुप में प्रत्याशी अपने प्रचार के साथ-साथ दूसरे प्रत्याशियों की जमकर बुराई भी कर रहे हैं। ग्रुप में प्रत्याशी अपने बारे में गाने भी प्रसारित कर रहे हैं, जो स्थानीय गायकों ने गाए हैं।