लागत की आधी कीमत भी नहीं मिलने से परेशान किसानों ने सोमवार को किरावली चौराहे पर लोगों को मुफ्त में आलू बांटकर रोष जताया। किसानों ने चेतावनी दी कि उनकी आवाज नहीं सुनी गई तो 6 मार्च को बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
जिले में इस समय आलू की खुदाई चल रही है। इस बार कीमत कम होने से किसान परेशान हैं। किसानों के मुताबिक मंडी में इस समय 400 रुपये क्विंटल आलू बिक रहा है, जबकि लागत 800 से एक हजार रुपये आ रही है। सोमवार को कम कीमत से मिलने से परेशान किसान आलू लेकर मुकेश डांगुर के नेतृत्व में किरावली बाईपास चौराहे पर पहुंचे।
आलू की कम कीमत का विरोध जताते हुए चौराहे पर आम लोगों के बीच मुफ्त में आलू बांटा। मुकेश डांगुर ने कहा कि लागत से भी आधी कीमत मिलने के कारण किसान बर्बादी की कगार पर है। सरकार ध्यान नहीं दे रही है। अशोक चौधरी ने कहा कि किसान आलू की पूरी कीमत चाहता है. लेकिन सरकार आलू का निर्यात नहीं खोल रही है।
जगदीश सिंह ने कहा कि आगरा में आलू की प्रोसेसिंग यूनिट नहीं खुली है। जिससे आलू किसानों को उनकी लागत तक नहीं मिल पा रही है। यदि किसानों की आवाज नहीं सुनी गई तो 6 मार्च को बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर चौधरी कृष्णवीर, लाला प्रधान, रामवीर इंदौलिया, रवि चौधरी, धर्मेंद्र डांगुर, मनोज डांगुर आदि किसान मौजूद रहे।