आगरा जिले में सभी नौ विधानसभा सीटों पर कुल 60.23 फीसदी मतदान हुआ है। खेरागढ़ में 64.73 और बाह में 58.01 प्रतिशत वोट पड़े। इनमें पुरुषों से अधिक महिलाओं ने मतदान किया है।
आगरा जिले में घूंघट की ओट से वोट की चोट करने में खेरागढ़ और बाह में महिलाओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ दिया है। मतदान में बाह में महिलाओं ने वाह वाह प्रदर्शन किया है। यहां पुरुषों की तुलना में इस बार 4.55 % अधिक महिलाओं ने मताधिकार का प्रयोग किया है। पुरुषों ने 55% जबकि महिलाओं ने 59.54% वोट किया है। पिछले चुनाव में भी यहां महिलाएं ही अव्वल रहीं थीं। तब पुरुषों की तुलना में महिलाओं ने 5.53 प्रतिशत अधिक मतदान किया था।
विज्ञापन
जिले की नौ सीटों 15.88 लाख महिला मतदाता हैं। बृहस्पतिवार को 9.39 लाख महिलाओं ने मताधिकार का प्रयोग किया है। यानी 59.11 प्रतिशत। पुरुषों का मतदान प्रतिशत 61.61% रहा। कुल मतदान 60.47 हुआ है। बाह की तर्ज पर खेरागढ़ में भी महिलाओं ने मामूली अंतर से पुरुषों को पीछे छोड़ा है।
खेरागढ़ में 62.48% पुरुष तो 62.50% महिलाओं ने ईवीएम का बटन दबाया है। फतेहपुर सीकरी में सबसे ज्यादा 67% महिलाओं ने मतदान किया है। जबकि सबसे कम महिला मतदान प्रतिशत आगरा उत्तर में 50.77% रहा है। पुरुषों की तुलना में सबसे कम मतदान आगरा दक्षिण सीट पर महिलाओं ने किया है। यहां 60.06 पुरुष और 52.77% महिलाओं ने वोट किया है। यहां पुरुषों की तुलना में 7.29% कम महिलाओं ने वोट किया है।