बैठक में उपमुख्यमंत्री, ऊर्जा मंत्री व विधायकगण
- फोटो : अमर उजाला
ब्रज के तीर्थ स्थलों को जाने वाले सभी मार्ग फोरलेन किए जाएंगे। इतना ही नहीं, ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के सभी पड़ाव स्थलों को भी अब सड़क मार्ग से जोड़ दिया जाएगा। ब्रज में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए ब्रज तीर्थ विकास का यह खाका तैयार किया गया है।
मुड़िया पूर्णिमा में प्रतिवर्ष करीब एक करोड़ श्रद्धालु छह दिनों के दौरान गोवर्धन की परिक्रमा करते हैं। वर्ष भर में परिक्रमा करने वालों की संख्या दो करोड़ को पार कर जाती है। वृंदावन आने वाले भक्तों की संख्या भी करीब डेढ़ करोड़ है। इसमें विदेशी भक्त भी शामिल हैं।
इसके अलावा मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, मंदिर द्वारिकाधीश, बरसाना में राधाष्टमी पर भी करीब एक करोड़ श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। ब्रज दर्शन के प्रति लोगों के बढ़ते इस रुख को देखते हुए शासन भी ब्रज विकास पर तेजी से काम कर रहा है। इसी प्रक्रिया में ब्रज के सभी तीर्थ स्थलों को जोड़ने वाले मार्गों को फोरलेन बनाने का फैसला लिया गया है।
691 करोड़ की 18 परियोजनाओं की सौगात
इस प्रक्रिया में यमुना-एक्सप्रेसवे से वृंदावन स्थित बिरला मंदिर तक का यमुना ब्रिज मार्ग को भी अब फोर लेन बनाने का आदेश ब्रज भ्रमण पर आए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दिए हैं।
वृंदावन में बांकेबिहारी के दर्शन के बाद कलक्ट्रेट सभाकक्ष में हाइवे प्राधिकरण, पीडब्ल्यूडी, सेतु निगम, ब्रज तीर्थ विकास परिषद सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ ब्रज विकास की परियोजनाओं पर चर्चा की।
वहीं लोक निर्माण भवन के गेस्ट हाउस में उपमुख्यमंत्री ने 691 करोड़ की 18 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, विधायक ठाकुर कारिंदा सिंह, विधायक पूरन प्रकाश, महापौर मुकेश आर्य समेत कई लोग मौजूद रहे।
ये हैं प्रमुख मार्ग...
- बांकेबिहारी की नगरी वृंदावन-यमुना एक्सप्रेसवे से पागल बाबा तक होगा फोरलेन
- कान्हा की जन्म स्थली मथुरा से दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे से गोवर्धन तक फोरलेन
- गिरिराजधरण गोवर्धन से राधारानी की नगरी बरसाना, नंदगांव, कोसीकलां मार्ग भी फोरलेन