वृंदावन के केशवधाम में चल रही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बैठक में हिस्सा लेने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार को सुबह केशवधाम पहुंच गए। यहां हैलीपैड से मुख्यमंत्री का काफिला सीधे केशवधाम में प्रवेश कर गया। उनके साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या और डॉ. दिनेश शर्मा भी केशवधाम पहुंचे हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार के प्रवक्ता, ऊर्जामंत्री और मथुरा-वृन्दावन के विधायक श्रीकांत शर्मा भी केशवधाम में मुख्यमंत्री के साथ हैं। केशवधाम में प्रवेश के दौरान मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री केशवधाम में चल रही समन्वय बैठक के दूसरे सत्र में हिस्सा ले रहे हैं। बैठक में संघ से जुड़े पदाधिकारियों के अलावा किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं है। मीटिंग की अध्यक्षता स्वयं सरसंघचालक मोहन भागवत कर रहे हैं।
वहीँ सुबह भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह केशव धाम से दिल्ली रवाना हो गए। जाने से पहले शाह ने सरसंघचालक मोहन भागवत के साथ चर्चा की। सीएम के आगमन को लेकर वृंदावन में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। तीन जोन और आठ सेक्टरों में बांटी गई सुरक्षा को डीएम और एसएसपी ने परखा। एसएसपी ने बैठक कर सभी सुरक्षा जवानों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा का खाका खींचकर फाइनल टच दिया गया।