इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का आगरा भ्रमण यादगार बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने ताकत झोंक दी है। स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनकी अगवानी के लिए एक दिन पहले आ चुके हैं। नेतन्याहू की सुरक्षा और सत्कार में कोई कमी न रह जाए।
इसको लेकर सीएम योगी ने सोमवार देर रात तक वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। सीएम ने मंडलायुक्त के. राममोहन राव, पुलिस महानिरीक्षक राजा श्रीवास्तव, जिलाधिकारी गौरव दयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित पाठक, मुख्य विकास अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड के साथ वार्ता की।
अधिकारियों ने मंगलवार को इस्राइली पीएम के भ्रमण की तैयारियों के संबंध में एक-एक जानकारी दी। प्रशासनिक अधिकारियों ने उनके भ्रमण और दोपहर के भोजन और पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा संबंधी तैयारियों का ब्यौरा सीएम के समक्ष रखा। नेतन्याहू लगभग चार घंटे शहर में रहेंगे। योगी ने अधिकारियों से कहा कि विदेशी मेहमान के स्वागत में कहीं कोई कमी न रह जाए।