उत्तर प्रदेश सरकार राजकीय और सहायता प्राप्त स्कूलों पर प्रति वर्ष करोड़ों रुपये खर्च कर रही हैं। बावजूद इसके यूपी बोर्ड की परीक्षा परिणाम में वित्त विहीन स्कूल ही छाए रहते हैं। चालू वर्ष की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के टॉप टेन सूची में राजकीय और सहायता प्राप्त स्कूल जगह नहीं बना पाए हैं।
आगरा में हाईस्कूल के टॉप टेन की सूची में 20 परीक्षार्थी हैं। इसमें से नौ परीक्षार्थी सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कालेज, फतेहाबाद के हैं। एसडीएलबीएसएमएसवीजी हायर सेकेंडरी स्कूल, फतेहाबाद और बीआरआई इंटर कालेज, बिल्हैनी कबीस के दो-दो परीक्षार्थी हैं।
वहीं इंटरमीडिएट के टॉप टेन की सूची में 14 परीक्षार्थी हैं। इसमें सात परीक्षार्थी मॉर्निंग रेज इंटर कालेज नवामील के हैं। वहीं तीन परीक्षार्थी सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कालेज, फतेहाबाद के हैं। पिछले कई वर्षों से टॉप टेन मेरिट लिस्ट में सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कालेज, फतेहाबाद ही छाया रहता है।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम में टॉप टेन की सूची में सभी परीक्षार्थी ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों के हैं। शहर के स्कूल सूची में नहीं हैं। ऐसा पिछले कई वर्षों से हो रहा है। जिले की टॉप टेन सूची की बात की जाए तो हाईस्कूल बालक और इंटरमीडिएट में बालिकाओं का जलवा है। हाईस्कूल के टॉप टेन में 20 परीक्षार्थी हैं, इसमें 13 बालक और सात बालिकाएं हैं। इंटर के टॉप टेन सूची में 14 परीक्षार्थी हैं। इसमें नौ बालिकाएं और पांच बालक हैं।