मैनपुरी। यूपी बोर्ड की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए शासन कवायद कर रहा है। 30 प्रतिशत से कम परीक्षा परिणाम वाले कॉलेजों की सचिव ने जिला विद्यालय निरीक्षक से सूची मांगी है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जनपद के सभी कॉलेज संचालकों को चार अगस्त को दोपहर तीन बजे तक परीक्षा परिणाम का विवरण अलग-अलग प्रपत्रों पर जमा कराने के निर्देश दिए हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 30 प्रतिशत से कम परीक्षा परिणाम वाले कॉलेजों पर कार्रवाई का निर्णय लिया है। इसके लिए इन कॉलेजों की सूची जिला विद्यालय निरीक्षक से मांगी है। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि जिले के सभी कॉलेजों को सात जुलाई तक परीक्षा परिणाम का विवरण हाईस्कूल और इंटर अलग-अलग प्रपत्रों पर जमा करना था, लेकिन मात्र 20 प्रतिशत कॉलेजों ने ही यह विवरण जमा किया।
शेष ने कोई ध्यान नहीं दिया। सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद ने चार अगस्त की दोपहर चार बजे तक जिले के 30 प्रतिशत से कम परीक्षा परिणाम वाले कॉलेजों की सूची उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिले के सभी कॉलेज संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे चार अगस्त की शाम तीन बजे तक हर हाल में उनके कार्यालय में हाईस्कूल और इंटर का परीक्षा परिणाम अलग-अलग प्रपत्रों पर जमा करना सुनिश्चित करें।
कम परीक्षा परिणाम वाले विषय अध्यापक का भी देना होगा विवरण
जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने कहा कि जिन कॉलेजों का परीक्षा परिणाम 30 प्रतिशत से कम है। उन कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को अलग से प्रपत्र भरना होगा। जिसमें उन्हें बताना होगा किस विषय का परीक्षा परिणाम 30 प्रतिशत से कम रहा है और उस विषय के शिक्षक कौन हैं।
सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्य हर हाल में मंगलवार की दोपहर तीन बजे तक अपने कॉलेज का परीक्षा परिणाम विवरण उनके कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। अन्यथा किसी भी कार्रवाई के लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे।
मनोज कुमार वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक