कासगंज। बोर्ड परीक्षा में एक केंद्र पर दूसरे की परीक्षा देते हुए मुन्नाभाई पकड़े जाने के बाद प्रशासन और सख्त हो गया है। डीएम के निर्देश पर डीआईओएस ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को कड़ी निगरानी करने की हिदायत दी है। चेतावनी दी है कि यदि किसी भी परीक्षा केंद्र पर इस तरह का फर्जीवाड़ा पाया गया तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
सिढ़पुरा क्षेत्र के परीक्षा केंद्र मगधरा के भारती इंटर कॉलेज पर शनिवार को सुबह की पाली में परीक्षा के दौरान एक मुन्ना भाई पकड़ा गया था। यहां शैलेश नाम के परीक्षार्थी की परीक्षा पवन दे रहा था। इसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इसके बाद डीएम सीपी सिंह ने सतर्कता और भी कड़ी करने के निर्देश शिक्षा विभाग को दिए हैं।
डीएम के निर्देश पर डीआईओएस आरएस राजपूत ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को हिदायत दी है कि वे मुन्ना भाइयों पर कड़ी निगरानी करते हुए यह सुनिश्चित करें कि कहीं और भी तो इस तरह का मामला नहीं है।
बोर्ड से मंगाई जाएगी शीट
सिढ़पुरा पुलिस बोर्ड कार्यालय से शीट मंगाएगा। जिससे संबंधित परीक्षार्थी का फोटो और पते की पड़ताल होगी। उसके बाद पुलिस स्कूल और परीक्षा केंद्रों की शीटों से मिलान करेगी।
की जा रही जांच
- मामले की जांच की जा रही है। परीक्षार्थी और फर्जी परीक्षार्थी के फोटो एवं पते का मिलान किया जाएगा। उसके बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।
राजकुमार, थानाध्यक्ष, सिढ़पुरा।